Monday, Nov 09

होम = Breaking = 5 दिन पहले वायरल हुआ वीडियो, फिर सस्पेंशन… अलीगढ़ में 27 साल के दरोगा की संदिग्ध मौत

5 दिन पहले वायरल हुआ वीडियो, फिर सस्पेंशन… अलीगढ़ में 27 साल के दरोगा की संदिग्ध मौत

Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 वर्षीय सब इंस्पेक्टर सुंदरम तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह बन्नादेवी थाना क्षेत्र के चूहरपुर मोहल्ले में उनके किराए के मकान से शव बरामद किया गया। सुंदरम पुलिस लाइन में तैनात थे और 2023 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। पांच दिन पहले एक वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। उनके पिता का कहना है कि इस घटना के बाद से वह तनाव में थे। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं की है।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, फंदे से लटका मिला शव

सुंदरम मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले थे और अलीगढ़ में अपने पिता श्रीचंद तिवारी के साथ रहते थे। पिता के मुताबिक, बुधवार सुबह वह मंदिर गए थे। लौटने पर बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर सुंदरम का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन, एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।

वायरल वीडियो के बाद हुए थे निलंबित

करीब पांच दिन पहले कचहरी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें सुंदरम कथित तौर पर नशे की हालत में लड़खड़ाते दिखाई दिए थे। इसके बाद विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया था। पिता श्रीचंद तिवारी का कहना है कि वीडियो वायरल होने और निलंबन के बाद से उनका बेटा परेशान था।

एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो, निलंबन और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़े: चुनाव आयोग का बड़ा बदलाव, अब Form 6 के साथ नहीं देना होगा SIR घोषणा पत्र