Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट में निर्माणाधीन तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त 17 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
7 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टी
धूलकोट में हादसे के बाद घायलों को अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां 7 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि 5 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, 4 मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पूरी मेडिकल टीम अलर्ट पर है और किसी अन्य घायल के पहुंचने पर तुरंत इलाज किया जाएगा।
मलबे में फंसे मजदूरों को बचाने में जुटी टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि 13 से 14 मजदूरों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर जुटी हैं और मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश जारी है।
अवैध निर्माण या लापरवाही, हर एंगल से होगी जांच
एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि इमारत निर्माणाधीन थी। इसके मालिक और निर्माण से जुड़ी अन्य जानकारियां रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद जांच में सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि हादसे में मौत और घायल होने के कारण कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध निर्माण या निर्माण में लापरवाही, दोनों पहलुओं की जांच होगी। एसपी के मुताबिक, बिल्डिंग में काम करने वाले ज्यादातर मजदूर जंडली और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।
ये भी पढ़ें: 19 घंटे की जंग हार गया मासूम निर्भय, अंबाला बोरवेल हादसे ने झकझोरा

