Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = अमेरिका के रिहायशी इलाके के पास विमान हुआ क्रैश, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा; हादसे में 9 लोगों की मौत

अमेरिका के रिहायशी इलाके के पास विमान हुआ क्रैश, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा; हादसे में 9 लोगों की मौत

Florida Plane Crash: आसमान से अचानक नीचे आया एक विमान और सड़क पर गिरते ही आग का गोला बन गया। कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं से भर गया। अमेरिका के दक्षिण फ्लोरिडा में हुए इस हादसे में विमान सवार नौ लोगों की मौत हो गई। विमान रिहायशी मकानों के इतने करीब गिरा कि बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन आसपास के घर इसकी चपेट में आने से बच गए।

ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से 14 किलोमीटर दूर हुआ हादसा

यह विमान हादसा पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके के पास हुआ। दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से करीब 9 मील यानी 14 किलोमीटर दूर है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने विमान को रिहायशी मकानों और सड़क पर गुजर रहे वाहनों से कुछ ही दूरी पर गिरते देखा। टक्कर के बाद उठे धुएं और आग के कारण इलाके में दहशत फैल गई।

कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

हादसे के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटना का भयावह मंजर कैद हुआ है। सड़क से गुजर रही कारों में बैठे लोगों ने विमान को अचानक आसमान से तेजी से नीचे आते देखा। कुछ ही सेकंड बाद विमान जमीन से टकराया और जोरदार विस्फोट के साथ आग की लपटों में घिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया।

ऑस्टिन से बहामास जा रहा था विमान

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने एक्स पर हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विमान रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) घटनास्थल पर टीम भेज रहा है, जो राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) की जांच में सहयोग करेगी। डफी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि अधिकारी हादसे की जांच कर रहे हैं और नई जानकारी साझा की जाएगी।

ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 4.3 करोड़ लोगों ने पहले ही डाला वोट