Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में गतिरोध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार और विपक्ष के बीच जारी टकराव के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वह हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। लेकिन शाह के इस बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अमित शाह के भाषण में दिलचस्पी नहीं, बल्कि यह जानना है कि बच्चों पर गोली किसने चलवाई। ऐसे में संसद के भीतर सियासी संग्राम और तेज होता दिख रहा है।
अमित शाह ने विपक्ष को दी चर्चा की चुनौती
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार संसद में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र देकर चर्चा की मांग करने को कहा। शाह ने प्रस्ताव रखा कि दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू हो और अगले दिन दोपहर 3 बजे वह खुद जवाब दें। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि उसे चर्चा करनी है या हंगामा। साथ ही शाह ने कहा कि वह इस पर भी चर्चा के लिए तैयार हैं कि विपक्ष ने सदन को क्यों नहीं चलने दिया।
संसद में गतिरोध के बीच बढ़ा टकराव
जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा अब संसद में सरकार और विपक्ष के बीच बड़े टकराव की वजह बन गया है। विपक्ष लगातार गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाब मांग रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि शाह सदन में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद कार्यवाही लगातार हंगामे की भेंट चढ़ रही है। अब विपक्ष ने लाठीचार्ज के साथ राम मंदिर से जुड़े चंदे के मुद्दे पर भी चर्चा की मांग रख दी है और दोनों मामलों पर पीछे हटने से इनकार कर दिया है।

