Asia Cup 2026: एशिया कप ट्रॉफी को लेकर भारत और मोहसिन नकवी के बीच गतिरोध लगातार दूसरे साल भी देखने को मिला। रविवार को श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला टीम ने प्रेजेंटेशन समारोह में हिस्सा नहीं लिया। टीम ने एसीसी चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इससे पहले पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने भी नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से मना कर दिया था।
45 मिनट बाद शुरू हुई अवॉर्ड सेरेमनी
महिला एशिया कप का फाइनल खत्म होने के करीब 45 मिनट तक अवॉर्ड सेरेमनी शुरू नहीं हो सकी। आखिरकार जब प्रेजेंटेशन शुरू हुआ तो श्रीलंकाई खिलाड़ियों को उनके मेडल और चेक सौंपे गए। हालांकि, भारतीय टीम को लेकर कोई अपडेट नहीं दिया गया और ब्रॉडकास्टर ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी के खत्म होने का ऐलान कर दिया।
अमोल मजूमदार ने बताया BCCI का फैसला
इसके बाद भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार मीडिया के सामने आए। उनसे जब भारतीय खिलाड़ियों के प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शामिल नहीं होने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि यह BCCI का फैसला था।
भारतीय टीम मैदान पर ही रही
जीत के बाद भारतीय महिला टीम काफी देर तक मैदान पर मौजूद रही। मैच खत्म होने के करीब आधे घंटे बाद BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने नंदिनी शर्मा को ‘बेस्ट फील्डर’ का मेडल दिया। इस दौरान राजीव शुक्ला भी उनके साथ मौजूद थे, जबकि पूरी भारतीय टीम बाउंड्री रोप के पास हर्डल में खड़ी रही। वहीं, श्रीलंकाई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने SLC के अंतरिम प्रमुख एरन विक्रमरत्ने से मेडल लिए और टीम ने मोहसिन नकवी से रनर-अप का चेक भी हासिल किया। नकवी ने श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापथु को अवॉर्ड देने के बाद स्टेडियम छोड़ दिया। हालांकि, पिछले साल के विपरीत इस बार वह ट्रॉफी अपने साथ लेकर नहीं गए।

