Thursday, Sep 24

होम = State = गुजरात = गुजरात में 25 लाख के नोटों से सजे गणपति बप्पा, पहली बार सजावट में अमेरिकी डॉलर भी शामिल

गुजरात में 25 लाख के नोटों से सजे गणपति बप्पा, पहली बार सजावट में अमेरिकी डॉलर भी शामिल

by | Sep 23, 2026 | गुजरात

Gujarat: गुजरात के अमरेली जिले के सावरकुंडला में गणपति बप्पा की अनोखी सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां गणपति की प्रतिमा को फूलों या कृत्रिम आभूषणों के बजाय करीब 25 लाख रुपये की भारतीय करेंसी से सजाया गया है। इस बार पहली बार सजावट में अमेरिकी डॉलर भी शामिल किए गए हैं।

नोटों से तैयार मुकुट और माला

सद्भावना ग्रुप द्वारा आयोजित गणपति उत्सव में अलग-अलग मूल्य के 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोट लगाए गए हैं। प्रतिमा का मुकुट 500 रुपये के नोटों से बनाया गया है, जबकि गले में 200 रुपये के नोटों की माला सजाई गई है। हाथ-पैर समेत मूर्ति के अन्य हिस्सों पर भी करेंसी लगाई गई है। आयोजकों के मुताबिक, सजावट तैयार करने में 2-3 दिन लगे, जबकि इसकी योजना करीब एक महीने से बनाई जा रही थी।

15 साल पुरानी है नोटों से सजावट

सद्भावना ग्रुप करीब 20 वर्षों से गणपति उत्सव आयोजित कर रहा है। नोटों से गणपति सजाने की परंपरा करीब 15 साल पहले शुरू हुई थी, जब लगभग 5 लाख रुपये के नोट इस्तेमाल किए गए थे। हर साल सजावट में बदलाव किया गया और इस बार रकम बढ़कर करीब 25 लाख रुपये हो गई। अमेरिकी डॉलर को पहली बार इसमें शामिल किया गया।

समृद्धि का संदेश

आयोजकों का कहना है कि नोटों का इस्तेमाल केवल भव्यता दिखाने के लिए नहीं किया गया, बल्कि इसका संदेश लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है। अनोखी सजावट की खबर फैलने के बाद आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

ये भी पढ़े: 70 साल की महिला से गलत हरकत की कोशिश, विरोध पर पीटा; इलाज के दौरान महिला की मौत