Amritsar Firing Incident: पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर शाम गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हमलावरों ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए उन पर गोलियां चला दीं, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद गैंगवार की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।
धार्मिक स्थल पर माथा टेकने पहुंचे थे युवक
अमृतसर के एसीपी रविंदर सिंह के मुताबिक, शरणजीत सिंह और आकाशदीप सिंह कोटली सक्का गांव के रहने वाले हैं। दोनों मोटरसाइकिल से तारां वाला पुल के पास एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने पहुंचे थे। उनके अनुसार, वहां मौजूद चार लोगों में से दो ने पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी। शरणजीत को एक और आकाशदीप को दो गोलियां लगीं। आकाशदीप मौके पर गिर गया, जबकि शरणजीत भागने में कामयाब रहा।
मौके से तीन खाली कारतूस बरामद
एसीपी रविंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने दोनों घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में करीब तीन से चार राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। घटनास्थल से तीन खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मामला गैंगवार से जुड़ा नहीं है।
आपसी विवाद में हुई गोलीबारी
एसीपी रविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। सभी युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। वहीं, घटना में शामिल दूसरे व्यक्ति के रिश्तेदार भी उसी इलाके में रहते हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाब में कांग्रेस और AAP से मुकाबले के लिए BJP के साथ चुनाव लड़ सकती है अकाली दल, सुखबीर ने दिए संकेत

