Wednesday, Nov 11

होम = State = उत्तर प्रदेश = AMU में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित, नसरा ने VP पद जीतकर रचा नया इतिहास

AMU में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित, नसरा ने VP पद जीतकर रचा नया इतिहास

AMU Student Union Election: आठ साल का इंतजार खत्म हुआ और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) को नया छात्रसंघ मिल गया। चुनाव नतीजों में अध्यक्ष और सचिव पद पर जहां नए चेहरों ने बाजी मारी, वहीं उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) पद पर नसरा नईम की जीत ने इतिहास रच दिया। वह एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में उपाध्यक्ष बनने वाली पहली छात्रा हैं।

नोमान अशरफ ने 4,121 वोटों से दर्ज की जीत

इतिहास विभाग के शोधार्थी नोमान अशरफ को अध्यक्ष पद के चुनाव में 7,797 वोट मिले। उन्होंने मोहम्मद इंतखाब को 4,121 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इंतखाब को 3,676 वोट मिले थे। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने 7,091 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने साकिब अली खान को 1,273 वोटों से हराया, जिन्हें 5,818 वोट मिले। इस पद के लिए कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे। जीत के बाद अशरफ ने खुशी जताते हुए कहा कि आठ साल के लंबे संघर्ष के बाद छात्रों को यह मौका मिला है। उन्होंने कहा कि परिसर में छात्रों के बीच काफी उत्साह और जोश है।

हमदान बने मानद सचिव, 1,503 वोटों से जीते

मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने 8,385 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अहमद फराज रजी को 1,503 वोटों से हराया। रजी को कुल 6,882 वोट मिले। जीत के बाद हमदान ने कहा कि बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने छात्रों से किए गए सभी वादों को पूरा करने और उन्हें अमल में लाने के लिए पूरी कोशिश करने का भरोसा दिया।

ये भी पढ़ें: JMI में अब 24 नवंबर तक चलेंगी ऑनलाइन कक्षाएं, प्रशासन ने बताया कैंपस में मौजूदा हालात पढ़ाई के अनुकूल नहीं