Andhra School Attack: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार सुबह एक स्कूल के अंदर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। राप्थाडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल की कक्षा में घुसकर एक व्यक्ति ने 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा पर पेड़ काटने वाली चेनसॉ मशीन से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, उसे बचाने की कोशिश करने वाली एक अन्य छात्रा भी जख्मी हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी दहशत में आ गए।
कक्षा शुरू होने से पहले आरोपी ने किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान और उम्र की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। शनिवार सुबह कक्षाएं शुरू होने से पहले वह अचानक स्कूल के क्लासरूम में पहुंचा और छात्रा पर चेनसॉ से हमला करने लगा। आरोपी ने छात्रा के चेहरे, गर्दन और पीठ को निशाना बनाया। उस समय कक्षा में मौजूद अन्य छात्र-छात्राएं यह सब देखकर डर गए और चीखने-चिल्लाने लगे। इस दौरान एक अन्य छात्रा ने पीड़िता को बचाने के लिए बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद अन्य छात्रों ने शोर मचाया और स्कूल स्टाफ कक्षा में पहुंचा। वहां छात्रा खून से लथपथ हालत में पड़ी थी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला
स्कूल शिक्षकों से घटना की सूचना मिलने के बाद राप्थाडु पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्रा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आपातकालीन उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
अनंतपुर सरकारी अस्पताल में छात्रा की सर्जरी
गंभीर रूप से घायल छात्रा को अनंतपुर सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की है। हालांकि, फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से उसकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। राप्थाडु की विधायक परिताला सुनीता भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर घायल छात्रा की हालत और उसे दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। वहीं, हमले में घायल दूसरी छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
स्कूल में छात्रा पर हुए इस हमले को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर पीड़िता की हालत और उसे मिल रहे इलाज की जानकारी ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मेडिकल टीम को छात्रा के उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उसे बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्कूल के अंदर मासूम लड़कियों को निशाना बनाने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और कानून के तहत उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नायडू ने पीड़िता की मां से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मां से हिम्मत बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार हर संभव मदद करेगी और छात्रा की जान बचाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएंगे।
गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री ने भी जताई नाराजगी
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गृह मंत्री ने अनंतपुर जिले के पुलिस अधीक्षक से भी फोन पर बात की और हमले से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। वहीं, शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि कक्षा के अंदर युवा छात्रा को खून से लथपथ हालत में पाए जाने की खबर सुनकर वह अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और लड़कियों को बिना किसी डर के जीवन जीने का माहौल सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले अशुतोष दीक्षित ने संभाली वायुसेना की कमान

