Asian Games 2026 India Medals: एशियन गेम्स 2026 के 9वें दिन भारत के लिए पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं। कुराश में पिंकी बलहारा ने महिलाओं की 78 किग्रा कैटेगरी के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपना पदक पक्का कर लिया है। वहीं, शूटिंग में भी भारतीय टीम मेडल की रेस में है। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सरनोबत भारत की चुनौती पेश कर रही हैं।
श्रीशंकर, गुलवीर और लवलीना पर नजर
सोमवार को एथलेटिक्स में श्रीशंकर मुरली लॉन्ग जंप और गुलवीर सिंह 1500 मीटर के फाइनल में उतरेंगे। बॉक्सिंग में भी प्रिया, कपिल पोखरिया और लवलीना बोरगोहेन अपने-अपने मुकाबलों में चुनौती पेश करेंगे। फिलहाल भारत 37 पदकों के साथ मेडल टैली में 12वें स्थान पर है। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 4 गोल्ड, 16 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।
पिंकी ने क्वार्टरफाइनल में दर्ज की 3-0 से जीत
भारत की पिंकी बलहारा ने महिलाओं की 78 किग्रा कैटेगरी के क्वार्टरफाइनल में दक्षिण कोरिया की लिम गाराम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ पिंकी का एशियन गेम्स में दूसरा मेडल पक्का हो गया है। इससे पहले उन्होंने 2018 एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था, जबकि 2022 एशियन गेम्स में क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गई थीं।
हांगकांग को 3-0 से हराया, अब कतर से मुकाबला
भारत ने पुरुष वॉलीबॉल के पूल-सी मुकाबले में हांगकांग को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने मैच 25-22, 25-19 और 25-21 से अपने नाम किया। कप्तान जेरोम विनिथ ने जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि जॉन जोसेफ, अश्वल राय और चिराग यादव ने भी उनका साथ दिया। अब भारत का सामना कतर से होगा, जो पूल-सी में शीर्ष स्थान की दौड़ के लिए अहम मुकाबला होगा।

