Asian Games 2026: हॉकी वर्ल्ड कप में जर्सी को लेकर हुए विवाद के बाद भारतीय टीम अब अपनी पुरानी पहचान में लौटती नजर आएगी। जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें नीली जर्सी में मैदान पर उतरेंगी। वर्ल्ड कप में नारंगी जर्सी को लेकर पूर्व खिलाड़ियों की आपत्ति के बाद हॉकी इंडिया ने एशियन गेम्स के लिए किट बदलने का फैसला किया है।
नीली जर्सी बदलने की वजह बनी नीली टर्फ
हॉकी इंडिया ने 27 जुलाई को जर्सी बदलने की वजह बताते हुए कहा था कि नीले रंग की टर्फ पर खिलाड़ियों को नीली जर्सी में अपने साथियों को पहचानने में दिक्कत हो रही थी। हालांकि, जर्सी बदलने के फैसले को पूर्व कप्तानों धनराज पिल्ले, वीरेन रासकिन्हा, परगट सिंह, अजीत पाल सिंह और वासुदेवन भास्करन ने कड़ी आलोचना की थी।
जर्सी बदलने के फैसले पर हॉकी इंडिया में भी मतभेद
जर्सी बदलने को लेकर हॉकी इंडिया के भीतर भी मतभेद सामने आए थे। अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा था कि जर्सी बदलने का फैसला उनकी जानकारी के बिना लिया गया, जबकि सचिव भोला नाथ सिंह ने दावा किया कि इस फैसले की जानकारी सभी अधिकारियों को थी।
एशियन गेम्स में 12 टीमें हिस्सा लेंगी, भारत पूल ए में शामिल
एशियन गेम्स के हॉकी टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। भारत को पूल-A में जगह मिली है, जहां उसके साथ मेजबान जापान, साउथ कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया हैं। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले काकामीगाहारा के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे।

