होम = Breaking = असम और अरुणाचल में बाढ़ से हाहाकार, 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित

असम और अरुणाचल में बाढ़ से हाहाकार, 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित

FLOODS IN ASSAM-ARUNACHAL: असम में लगातार हो रही भारी बारिश और पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की पहली लहर ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राज्य के छह जिलों में 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार धेमाजी, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़, चिरांग, लखीमपुर और कोकराझार जिलों में कुल 22,124 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

धेमाजी सबसे ज्यादा प्रभावित, कई गांव जलमग्न

धेमाजी जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां जलस्तर बढ़ने से 15,483 लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ के पानी ने 96 गांवों को पूरी तरह डुबो दिया है, जबकि करीब 1,690 हेक्टेयर कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही बारिश के चलते ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। एएसडीएमए की रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नांगलामुराघाट में दिसांग नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।

बाढ़ का असर इंसानों के साथ पशुधन पर भी, रेलवे पुल ढहा

बाढ़ से केवल इंसान ही नहीं, बल्कि जानवर भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। करीब 48,199 पशुओं को भी मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच धेमाजी जिले में सिमेन नदी पर बना एक रेलवे पुल भारी बारिश और बाढ़ के दबाव में ढह गया। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। आधिकारिक बयान के अनुसार, क्षेत्र में 110 मिमी से अधिक अत्यधिक बारिश, बाढ़ और नदी के कटाव के कारण यह हादसा हुआ, जिससे पुल का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।