होम = Breaking = असम में नहीं थम रही बाढ़ से तबाही, 24 घंटे में 6 मौतें… संकट गहराया

असम में नहीं थम रही बाढ़ से तबाही, 24 घंटे में 6 मौतें… संकट गहराया

by | Aug 6, 2026 | Breaking, असम

Assam Flood News: असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। मूसलाधार बारिश और उफनती नदियों ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटे में 6 और लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 95 पहुंच गया है। वहीं, राज्य के 14 जिलों में 1.60 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

5 अगस्त को 6 लोगों की गई जान

असम में 5 अगस्त को बाढ़ से 6 और लोगों की मौत हो गई। इनमें बिश्वनाथ और शिवसागर जिलों में दो-दो लोगों की जान गई, जबकि गोलाघाट में एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं, मोरीगांव जिले के मयोंग राजस्व सर्कल में भी बाढ़ के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा उदलगुरी जिले में एक व्यक्ति लापता है, जिसकी तलाश जारी है।

563 गांव बाढ़ की चपेट में, 14 जिले हाई अलर्ट पर

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, राज्य के 38 राजस्व मंडलों के 563 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन गांवों में रहने वाले 1,60,653 लोग इस आपदा की चपेट में हैं। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य के 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जबकि लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे जेपी नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने असम-नागालैंड सीमा पर स्थित शिवसागर जिले के नेपालीखुटी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।