होम = Breaking = अटल टनल के पास खाई में गिरी स्कॉर्पियो; पर्यटक की मौत

अटल टनल के पास खाई में गिरी स्कॉर्पियो; पर्यटक की मौत

Atal Tunnel Accident: हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के उत्तरी (नॉर्थ) पोर्टल के पास मंगलवार रात एक स्कॉर्पियो कार सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में राजस्थान के सीकर निवासी 34 वर्षीय कैलाश की मौत हो गई, जबकि राजेंद्र, चालक सिद्धार्थ (दोनों सीकर) और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य घायल हो गए। सभी मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे टनल से बाहर निकलने के बाद चालक तेज रफ्तार में दाहिने मोड़ का सही अनुमान नहीं लगा सका। अंधेरा होने के कारण वाहन सीधे आगे बढ़ गया और चंद्रा नदी की ओर सड़क से नीचे जा गिरा। गिरने के बाद स्कॉर्पियो नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल से टकरा गई और लोहे की सरियों के बीच फंस गई।

घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है। सिस्सू थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने पर्यटकों से मानसून के दौरान रात में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है, क्योंकि फिसलन और कम दृश्यता से हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण शिमला, मनाली और धर्मशाला में भूस्खलन से कई सड़कें बंद हो गईं।

बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई। सोलन जिले के नालागढ़ निवासी 38 वर्षीय सुखबीर कौर, परिवार के साथ मणिकरण जाते समय चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट के पास कार से उतरी थीं, तभी पहाड़ी से गिरी चट्टान उनकी चपेट में आ गई। वहीं, कांगड़ा जिले में करंट लगने और ऊंचाई से गिरने जैसी घटनाओं में तीन अन्य लोगों की जान चली गई। चंबा जिले के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जहां पहाड़ों से मलबा घरों में घुसने से नुकसान हुआ।

ये भी पढ़े: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कुंभ मेले के दौरान हुई सबसे बड़ी रकम की हेराफेरी, जांच में बड़े खुलासे