Aban Ahmed Death: प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अबान अपने भाई अली अहमद, जो झांसी जेल में बंद है, उससे मिलने जा रहा था। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अबान और उसके साथी अहजम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज से पांच लोग एक कार में सवार होकर झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
दो की मौत, तीन गंभीर घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने अबान अहमद और उनके साथी अहजम को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

