India Australia Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कूटनीति के साथ दोस्ती की भी एक खास तस्वीर देखने को मिली। मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और बिजनेस रिसेप्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अपना मोबाइल निकाला और पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी ली। अल्बनीज ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर साझा करते हुए भारत के साथ मजबूत होते रिश्तों की अहमियत भी बताई। यह पल दोनों देशों के गहरे होते रणनीतिक और आर्थिक संबंधों का प्रतीक बन गया।
व्यापार, निवेश और रोजगार पर रहेगा फोकस
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि उनकी सरकार व्यावसायिक नेताओं, उद्योग जगत और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच बढ़ता व्यापार और निवेश ऑस्ट्रेलिया में नए रोजगार के अवसर पैदा करेगा, साथ ही भविष्य में आर्थिक सहयोग की नई संभावनाओं का भी रास्ता खोलेगा। अल्बनीज का यह बयान इस बात का संकेत है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध अब केवल रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, कारोबार, निवेश और रोजगार जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से विस्तार कर रहे हैं।
व्यापारिक रिश्तों को नई उड़ान देने पर जोर
मेलबर्न में भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में भारत और ऑस्ट्रेलिया भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), शिक्षा और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि 2022 के अंतरिम मुक्त व्यापार समझौते (ECTA) ने दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई रफ्तार दी है और भविष्य की साझेदारी के लिए मजबूत आधार तैयार किया है।

