मार्वल की अपकमिंग फिल्म 'एवेंजर्स डूम्सडे' रिलीज से पहले ही दुनियाभर में चर्चा बटोर रही है। फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के खतरनाक किरदार में नजर आएंगे। उनके सामने मार्वल यूनिवर्स के कई सुपरहीरो होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की दुनिया भर में एडवांस टिकट बिक्री 125 मिलियन डॉलर यानी करीब 1,186 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा रिलीज से पहले की टिकट बिक्री का है, न कि सिनेमाघरों से हुई कमाई का।
रिलीज से पहले 1,186 करोड़ की एडवांस बुकिंग
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, 'एवेंजर्स डूम्सडे' की एडवांस टिकट बिक्री 125 मिलियन डॉलर पार कर चुकी है। यह आंकड़ा फिल्म की रिलीज से करीब 45-48 दिन पहले सामने आया।
हालांकि, इस आंकड़े की डिज्नी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की टिकट बिक्री जुलाई में प्रीमियम स्क्रीन से शुरू हुई थी। इसके बाद दूसरे सिनेमाघरों के लिए भी बुकिंग उपलब्ध हुई।
भारत में 17 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
मार्वल स्टूडियोज की यह फिल्म अमेरिका में 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। वहीं, भारतीय दर्शक इसे एक दिन पहले यानी 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में देख सकेंगे।
मार्वल इंडिया ने इसकी जानकारी रॉबर्ट डाउनी जूनियर और क्रिस इवांस के एक खास वीडियो के जरिए दी थी। फिल्म भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
700 मिलियन डॉलर बताया जा रहा बजट
फिल्म के बजट को लेकर भी काफी चर्चा है। कुछ रिपोर्ट्स में इसका प्रोडक्शन बजट करीब 400 मिलियन डॉलर बताया गया है। वहीं, मार्केटिंग पर 300 मिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि, फिल्म के कुल 700 मिलियन डॉलर के बजट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर ये आंकड़े सही हैं, तो यह मार्वल की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर समेत बड़ी स्टारकास्ट
फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो कर रहे हैं। इसके निर्माता केविन फाइगी, लुई डी'एस्पोसिटो और जोनाथन श्वार्ट्ज हैं।
फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम और क्रिस इवांस स्टीव रोजर्स के किरदार में लौटेंगे। इसके अलावा क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, सिमू लियू और सेबेस्टियन स्टैन भी नजर आएंगे।
इयान मैकेलेन, पैट्रिक स्टीवर्ट, टॉम हिडलस्टन, जेम्स मार्सडेन, डेविड हार्बर और कई दूसरे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
17 दिसंबर की तारीख पर रहेंगी नजरें
'एवेंजर्स डूम्सडे' में अलग-अलग मार्वल यूनिवर्स के सुपरहीरो एक बड़े खतरे का सामना करेंगे। डॉक्टर डूम के रूप में रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अब देखना होगा कि रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े फिल्म की ओपनिंग में कितना बड़ा रिकॉर्ड बना पाते हैं।

