Badrinath Temple News: अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी मामले के बीच अब उत्तराखंड के बदरीनाथ मंदिर में भी चढ़ावा चोरी के आरोप सामने आए हैं। धार्मिक संगठन भैरव सेना ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को शिकायत भेजकर समिति अध्यक्ष के निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद बीकेटीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है और जांच के लिए मंदिर की सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित कर ली गई है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच, कर्मचारियों से मांगा जवाब
भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने इस मामले को बीकेटीसी के सीईओ के समक्ष भी उठाया। शिकायत के अनुसार, 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में एक कर्मचारी संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने चार कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है और फुटेज की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल फुटेज में कुछ भी स्पष्ट नहीं दिख रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बीकेटीसी अध्यक्ष से एक आंतरिक जांच समिति गठित करने की सिफारिश की गई है।
बीकेटीसी अध्यक्ष बोले- दोषी मिला तो होगी सख्त कार्रवाई
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि चढ़ावा चोरी के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
CCTV फुटेज से नहीं हो सकी स्पष्ट पहचान
सूत्रों के मुताबिक, भैरव सेना की शिकायत के बाद बीकेटीसी प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान अध्यक्ष के निजी सहायक की कथित भूमिका भी खंगाली जा रही है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज को जूम करने के बाद भी तस्वीर स्पष्ट नहीं होने के कारण संबंधित व्यक्ति की पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है।

