Baghpat: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक हो गया। यहां राष्ट्रपति भवन में तैनात अंगरक्षक सौरभ को गोली मार दी गई। घटना रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव की है। सौरभ 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे। फिलहाल उनकी तैनाती राष्ट्रपति भवन में है। वह दिवाली मनाने के लिए दो दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आए थे।
रविवार रात सौरभ अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान गांव के धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे। पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सौरभ और उनके भाइयों के साथ मारपीट की। इसी दौरान धीरज ने तमंचे से गोली चला दी।
दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में लगी गोली
आरोप है कि गोली पहले दीवार से टकराई और फिर सौरभ के सिर में कान के पीछे जा लगी। गोली सिर में ही फंस गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक, विनीत और मिंटू ने सौरभ को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर दोनों आरोपी फरार हो गए।
ऑपरेशन के बाद भी हालत गंभीर
परिजन सौरभ को पहले बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली निकाल दी गई। इसके बावजूद सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ICU में भर्ती रखा गया है।
दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
घटना की सूचना पर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल जवान के पिता जनकराज की तहरीर पर धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़े: मेरठ में पटाखे की तेज आवाज से घबराया 6 साल का हर्ष, घर में गिरने से हो गई मौत

