होम = Cover Story Big = घाघरा नदी में मगरमच्छ ने 12 साल के बच्चे को बनाया शिकार, इलाके में दहशत

घाघरा नदी में मगरमच्छ ने 12 साल के बच्चे को बनाया शिकार, इलाके में दहशत

Bahraich Crocodile Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घाघरा नदी के किनारे मगरमच्छ के हमले में 12 साल के एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग और प्रशासन लोगों से नदी किनारे सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।

हाथ-मुंह धोने गया था बच्चा, मगरमच्छ ने किया हमला

यह दर्दनाक घटना बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र के मुरौवा गांव की है। जानकारी के मुताबिक 12 वर्षीय सुनील सिंह अपने चाचा के साथ धान की रोपाई के लिए खेत गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद वह घाघरा नदी के किनारे हाथ-मुंह धोने पहुंचा। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ बच्चे को जबड़ों में दबोचकर नदी की ओर खींच ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गांव वालों ने बचाने की कोशिश की, रात में मिला शव

हमले के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सुनील को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ के हमले के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। काफी देर तक चले तलाश अभियान के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे ग्रामीणों ने नदी से बच्चे का शव बरामद किया। छठी कक्षा में पढ़ने वाले सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने भाई-बहनों के साथ रहता था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

घटना के बाद इलाके में दहशत, वन विभाग अलर्ट

इस हादसे के बाद टिंकुरी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। नदी किनारे खेतों में जाने से किसान भी डर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से नदी के पास न जाने की अपील की है। रेंज अधिकारी मोहम्मद शाकिब ने बताया कि सरयू (घाघरा) नदी के किनारे बसे गांवों में लगातार चेतावनी दी जा रही है। साथ ही मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल बिछाए गए हैं, गश्त बढ़ा दी गई है और नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी और हादसे को रोका जा सके।