Tuesday, Sep 08

होम = Cover Story Latest = प्रेमिका के बेटों को दी ट्रक चढ़ाने की धमकी, फिर कर दी प्रेमी की हत्या; 3 गिरफ्तार

प्रेमिका के बेटों को दी ट्रक चढ़ाने की धमकी, फिर कर दी प्रेमी की हत्या; 3 गिरफ्तार

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बांदा में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। मृतक की पहचान बरकत पुत्र जिलेदार, निवासी नहरी गांव, नरैनी के रूप में हुई है।

मामला नरैनी थाना क्षेत्र के बरछा गांव का है। 5 सितंबर की सुबह बागेन नदी में संदिग्ध परिस्थितियों में बरकत का शव मिला था। शरीर पर चोट के कई निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। एसपी पलाश बंसल ने जांच के लिए तीन टीमें गठित कीं।

महिला से दो साल से था प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि बरकत ड्राइवर था और करीब 50 वर्षीय तीन बच्चों की मां महिला से उसके कथित तौर पर दो साल से संबंध थे। बरकत के चाल-चलन से परेशान होकर उसकी पत्नी भी मायके चली गई थी। पुलिस के मुताबिक, महिला के बेटों को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने पहले अपनी मां को समझाया और फिर बरकत को संबंध खत्म करने के लिए कहा। आरोप है कि बरकत ने उन्हें धमकी दी कि वे दोनों के बीच न आएं, वरना वह गाड़ी चढ़ाकर उन्हें रास्ते से हटा देगा।

बांके से गले और चेहरे पर किए वार

पुलिस के अनुसार, जन्माष्टमी की रात बरकत गांव आया था। वह महिला से पैसे लेने और मोबाइल-सिम को लेकर बात करने आया था। इसी दौरान महिला के दोनों बेटे चुनबदा और रामबाबू तथा उनका चचेरा भाई अरुण वहां पहुंचे और घात लगाकर हमला कर दिया। आरोपियों ने बांके से बरकत के गले और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बाइक पर रखा और करीब 20 किलोमीटर दूर ले जाकर बाइक समेत नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए ऐसा किया गया।

बाइक और आलाकत्ल बरामद

शव मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल और नदी से बाइक भी बरामद कर ली है। बांदा के डिप्टी एसपी प्रवीण कुमार के मुताबिक, महिला से बातचीत और प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की गई। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े: कृषि मशीनों पर 80% तक सब्सिडी, खेती के साथ किसानों की बढ़ी कमाई; जानें कैसे बदल रहा खेती का गणित