Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा में जमीन-जायदाद को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने 70 वर्षीय पिता की हंसिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा की है। पुलिस ने आरोपी बेटे नीलम को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया हंसिया बरामद कर लिया है।
जमीन अपने नाम कराने को लेकर होता था विवाद
बांधा पुरवा निवासी मोतीलाल अपनी पत्नी के साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक, उनका बेटा नीलम अक्सर शराब पीकर घर आता और जमीन अपने नाम करने या उसे बेचकर पैसे देने की मांग करता था।
इसी बात पर पिता-पुत्र के बीच लगातार झगड़े होते थे। घरेलू विवाद से परेशान होकर नीलम की पत्नी भी मायके चली गई थी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद से वह तनाव में रहने लगा था।
चाय बना रहे पिता पर हंसिया से हमला
शुक्रवार देर रात नीलम घर पहुंचा और दोबारा संपत्ति को लेकर पिता से बहस करने लगा। मोतीलाल ने उसे समझाने की कोशिश की और शराब पीकर रोजाना झगड़ा करने पर डांट लगाई।
आरोप है कि इससे नाराज नीलम ने पास रखा हंसिया उठाकर चाय बना रहे पिता के सिर और गले पर कई वार कर दिए। हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मोतीलाल की पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हंसिया बरामद
बांदा के डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी नीलम को गिरफ्तार कर उसके पास से हंसिया बरामद किया है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: भोपाल में मामूली टक्कर पर बवाल, कार चालक ने बाइक सवार पर तानी पिस्टल, वीडियो वायरल

