होम = Cover Story Top = बंधन बैंक ने बढ़ाई FD ब्याज दरें, सीनियर सिटीजंस को मिलेगा 7.95% तक रिटर्न

बंधन बैंक ने बढ़ाई FD ब्याज दरें, सीनियर सिटीजंस को मिलेगा 7.95% तक रिटर्न

Bandhan Bank FD Rates: प्राइवेट सेक्टर के बंधन बैंक ने अपनी चुनिंदा फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) योजनाओं पर ब्याज दरों में 20 बेसिस पॉइंट्स तक की बढ़ोतरी की है। नई दरों के लागू होने के बाद खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर रिटर्न का लाभ मिलेगा।

2 से 3 साल की एफडी पर सबसे अधिक रिटर्न

बैंक की नई दरों के अनुसार, दो वर्ष से तीन वर्ष से कम अवधि वाली एफडी पर सामान्य ग्राहकों को 7.45 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 7.95 फीसदी तक ब्याज मिलेगा। वहीं तीन वर्ष से पांच वर्ष से कम अवधि वाली जमा पर वरिष्ठ नागरिकों को 7.75 फीसदी और अन्य ग्राहकों को 7.25 फीसदी का रिटर्न दिया जाएगा।

विभिन्न अवधियों के लिए नई ब्याज दरें

एक वर्ष की एफडी और एक वर्ष से लेकर दो वर्ष से कम अवधि तक की जमा पर सामान्य ग्राहकों को 7 फीसदी तथा वरिष्ठ नागरिकों को 7.5 फीसदी ब्याज मिलेगा। पांच से दस वर्ष की अवधि वाली एफडी पर सामान्य ग्राहकों के लिए 5.85 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 6.6 फीसदी ब्याज तय किया गया है।

आरबीआई के फैसले के बीच बैंक का कदम

बैंक की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब भारतीय रिजर्व बैंक ने हालिया मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर को 5.25 फीसदी पर यथावत रखा है। इसके बावजूद कई बैंक अपनी जमा योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव कर रहे हैं।