Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का चुनाव प्रचार मंगलवार को थम गया। बीजेपी, आरजेडी और जन सुराज के बीच मुकाबला अब त्रिकोणीय हो चुका है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से इस सीट पर चुनावी जंग और दिलचस्प हो गई है।
तेजस्वी ने भी झोंकी पूरी ताकत
प्रचार के आखिरी दिन आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पार्टी उम्मीदवार रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। विदेश दौरे से लौटने के बाद चुनाव प्रचार में उतरे तेजस्वी ने बांकीपुर में बीजेपी के विकास के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1995 से सीट पर काबिज बीजेपी क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है
AI वीडियो को लेकर बीजेपी को दी चुनौती
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रशांत किशोर ने कई जनसभाओं को संबोधित किया और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार की ओर से बीजेपी के समर्थन में वोट मांगने वाला वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार किया गया है। किशोर ने कहा, "मैं बीजेपी को चुनौती देता हूं। अगर वह इस वीडियो को असली साबित कर दे, तो मैं चुनाव से हट जाऊंगा।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी, नीतीश कुमार की खराब सेहत के बावजूद उनके नाम का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी ने दिखाई ताकत
भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर उपचुनाव में अपनी जीत का भरोसा जताते हुए मुकाबले को एकतरफा बताया। पार्टी का कहना था कि चुनाव में केवल जीत का अंतर तय होना बाकी है। प्रचार के अंतिम चरण में पूर्व विधायक नितिन नवीन ने सम्राट चौधरी के साथ पटना में रोड शो किया। अंतिम दिन उन्होंने बांसघाट स्थित काली मंदिर, बोरिंग रोड के पंचमुखी हनुमान मंदिर और शिव मंदिर में दर्शन-पूजन कर बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में जनसंपर्क भी किया

