होम = Breaking = बरेली में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की भिड़ंत, एक की मौत; 23 कांवड़िया घायल

बरेली में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की भिड़ंत, एक की मौत; 23 कांवड़िया घायल

उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। आंवला-रामनगर मार्ग पर रसूलपुर मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रहे टेंपो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार 23 कांवड़िया घायल हो गए। हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक भी घायल बताया जा रहा है।

जलाभिषेक के बाद लौट रहे थे कांवड़िया

जानकारी के मुताबिक, रामनगर क्षेत्र के किटोना गांव से कांवड़ियों का जत्था 3 अगस्त को हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने के बाद जत्थे ने गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे टेंपो से उनकी ट्रॉली की भिड़ंत हो गई।

ट्रॉली पलटने से मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में अजय (15), मुनीष वर्मा (10), दिव्यांश (15), स्वाति (12), नवल (12), अनूप (17), लॉन्ग श्री (35), वीरेश (18), नन्ही (50), नितिन (14), गौरव (8), यादराम (20), शारिक (12), टिंकू (18), अखिलेश (15), राजेश्वरी (40), रिषिपाल (30), छोटी (10), अनिल (15), जयप्रकाश (15), रुपेश (15), राजकुमार (20) और तुलसी (15) घायल हुए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही आंवला और रामनगर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, टेंपो चालक रवि, जो खनगांव श्याम का निवासी बताया जा रहा है, को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान अभी नहीं हुई

हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक कांवड़ियों के जत्थे का हिस्सा नहीं था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस ने पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे की सूचना पर सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय, इंस्पेक्टर आंवला बीनू सिंह और रामनगर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई।

सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय के अनुसार, हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतक कांवड़ियों के जत्थे में शामिल नहीं था और उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: दंगल गर्ल’ बबीता फोगाट के घर गूंजी किलकारी, सावन शिवरात्रि पर बनीं बेटी की मां