होम = Breaking = बंगाल की खाड़ी में भूकंप, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस हुए झटके

बंगाल की खाड़ी में भूकंप, आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस हुए झटके

by | Jul 12, 2026 | Breaking, News Big, देश

Bay of Bengal Earthquake: रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में आए भूकंप के झटकों से आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र काकीनाडा तट से करीब 225 किलोमीटर दूर समुद्र में बताया गया, जबकि इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। झटके महसूस होते ही कई शहरों में लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए, हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

काकीनाडा तट से 225 किमी दूर था केंद्र

रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज के मुताबिक, भूकंप सुबह 5:05 बजे 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र काकीनाडा तट से करीब 225 किलोमीटर दूर था। भूकंप के झटके विशाखापत्तनम समेत आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में महसूस किए गए।

जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं

अधिकारियों की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार सुबह आए 4.5 तीव्रता के इस हल्के भूकंप के झटके विशाखापत्तनम के कई हिस्सों में महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप से किसी के हताहत होने, संपत्ति को नुकसान पहुंचने या किसी अन्य प्रकार की क्षति की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने बताया कि झटके हल्के थे और स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।