Thursday, Sep 24

होम = News Top = दिल्ली से अजमेर 5 घंटे में, भरतपुर 3 घंटे में… राजस्थान के इस एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी

दिल्ली से अजमेर 5 घंटे में, भरतपुर 3 घंटे में… राजस्थान के इस एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी

by | Sep 17, 2026 | News Top

Beawar Bharatpur Greenfield Expressway: राजस्थान में बन रहा ब्यावर-भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे राज्य की सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाला है। इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद दिल्ली-NCR, अजमेर, भरतपुर और राजस्थान के कई प्रमुख शहरों के बीच सफर का समय कम होने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के बीच यात्रा को भी आसान करेगा।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

इस प्रोजेक्ट की खास बात इसका दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ाव है। नया कॉरिडोर दौसा के लालसोट क्षेत्र के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ेगा। इससे दिल्ली, गुरुग्राम और सोहना की ओर से आने वाले वाहन हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे नेटवर्क के जरिए अजमेर, ब्यावर और भरतपुर की ओर जा सकेंगे।

दिल्ली से अजमेर का सफर 5 घंटे में

एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद दिल्ली से अजमेर का सफर करीब साढ़े 4 से 5 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। फिलहाल इस दूरी को तय करने में करीब 7 से 8 घंटे लगते हैं। वहीं, दिल्ली से भरतपुर पहुंचने में करीब ढाई से 3 घंटे का समय लगने की बात कही गई है। इसके अलावा ब्यावर से भरतपुर का सफर भी करीब 3 से साढ़े 3 घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जबकि अभी इसमें 7 से 8 घंटे लगते हैं।

277 किलोमीटर लंबा होगा एक्सप्रेसवे

ब्यावर-भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 277 किलोमीटर होगी। यह 4-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा। इसकी शुरुआत जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र के ग्राम झाग से होगी और यह भरतपुर के ऊंचा नगला तक जाएगा। यहां यह NH-21 से जुड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे जयपुर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और भरतपुर को जोड़ेगा। इससे इन जिलों के बीच सड़क संपर्क आसान होने की उम्मीद है।

210 गांव होंगे प्रभावित

इस प्रोजेक्ट से करीब 210 गांव प्रभावित होंगे। कई जिलों में भूमि अधिग्रहण और रूट सर्वे का काम जारी है। एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। इस कॉरिडोर पर 30 बड़े और छोटे पुल, 4 रेल ओवर ब्रिज, 7 फ्लाईओवर, 10 इंटरचेंज और 179 छोटे-बड़े अंडरपास बनाए जाएंगे।

इन प्रमुख कॉरिडोरों से भी जुड़ेगा

ब्यावर-भरतपुर एक्सप्रेसवे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे, NH-448 और NH-21 जैसे प्रमुख कॉरिडोरों से कनेक्ट होगा। इसके अलावा इससे NH-48 और NH-21 पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। इस तरह यह एक्सप्रेसवे राजस्थान के कई शहरों को जोड़ने के साथ दिल्ली-NCR से राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच को आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण सड़क कॉरिडोर बन सकता है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/trump-india-china-russia-oil-100-percent-tariff-bill/