Bengluru Road Collapse: बेंगलुरु में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई एक नई सड़क उद्घाटन से पहले ही विवादों में घिर गई है। शहर की प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं में शामिल यह सड़क अभी जनता के लिए खोली भी नहीं गई थी कि इसका एक हिस्सा धंसने लगा, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उद्घाटन से पहले ही सड़क में आई खराबी
बेंगलुरु डेवलपमेंट अथॉरिटी (BDA) द्वारा निर्मित 10.7 किलोमीटर लंबी मेजर आर्टेरियल रोड कदबगेरे क्रॉस (मगड़ी रोड) को मैसूर रोड से जोड़ती है। इस सड़क का उद्घाटन 27 जून को प्रस्तावित है। हालांकि, उद्घाटन से चार दिन पहले कदबगेरे के पास लगभग 20 मीटर लंबे हिस्से में सड़क की सतह धंसती और टूटती हुई दिखाई दी। सड़क पर बजरी भी बिखर गई थी। स्थिति सामने आने के बाद अधिकारियों ने तुरंत मरम्मत दल भेजा और क्षतिग्रस्त हिस्से में एग्रीगेट्स डालकर अस्थायी मरम्मत शुरू कर दी।
गोल्डन जुबली परियोजना बनी शर्मिंदगी का कारण
यह सड़क BDA की स्वर्ण जयंती (गोल्डन जुबली) समारोह के तहत बनाई गई थी। ऐसे में उद्घाटन से पहले ही सड़क के खराब होने से एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद लोगों ने नाराजगी जताई और निर्माण गुणवत्ता व जवाबदेही पर बहस छिड़ गई।
तेजस्वी सूर्या ने साधा निशाना
बीजेपी सांसद Tejasvi Surya ने इस मामले पर तंज कसते हुए कहा कि यदि सड़क उद्घाटन के बाद धंसती तो लोगों को नुकसान पहुंच सकता था और सरकार को मुआवजा देना पड़ता। उन्होंने व्यंग्य में कहा कि शायद लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क पहले ही टूट गई। फिलहाल BDA ने सड़क को हुए नुकसान या 27 जून के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

