Bengaluru Nurse Attack: बेंगलुरु के जेपी नगर इलाके में एक नर्स पर उसके पति द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले महिला पर धारदार हथियार से हमला किया और फिर उस पर तेजाब फेंक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल महिला की पहचान 26 वर्षीय मधुमिता के रूप में हुई है। वह कोलकाता की रहने वाली है और पिछले करीब डेढ़ साल से एक स्थानीय क्लीनिक में नर्स के तौर पर काम कर रही थी।
नाश्ता करने निकली थी महिला
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे मधुमिता नाश्ता करने के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान उसका पति वेंकटेशन उसका पीछा करते हुए एक बहुमंजिला इमारत की बेसमेंट पार्किंग तक पहुंच गया। बताया गया है कि आरोपी अपने साथ चाकू, कुल्हाड़ी और तेजाब की बोतल लेकर आया था। पार्किंग में उसने महिला पर धारदार हथियार से हमला किया और इसके बाद तेजाब फेंक दिया।
लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की
हमले के बाद महिला मदद के लिए भागने लगी। उसकी चीख सुनकर क्लीनिक का स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ स्थानीय लोगों ने आरोपी को रोकने के लिए उस पर पत्थर भी फेंके। आरोप है कि वेंकटेशन ने लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की और वहां से भागने लगा। इसी दौरान पास में मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर घटना पर पड़ी और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया।
महिला की हालत नाजुक
हमले में गंभीर रूप से घायल मधुमिता को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद जेपी नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/trump-india-china-russia-oil-100-percent-tariff-bill/

