Nepali women Death: बेंगलुरु में दो नेपाली युवतियों की मौत का मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे से प्यार करती थीं और साथ जिंदगी बिताना चाहती थीं, लेकिन परिवार और समाज की असहमति के चलते मानसिक दबाव में थीं। मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रिश्ते को लेकर परिवार की असहमति से थीं परेशान
जांच में सामने आया है कि नेपाल में दोनों के रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद परिवार और समाज में तरह-तरह की बातें होने लगी थीं। इसके बाद रिश्तेदार उन्हें बेंगलुरु ले आए। घटना से एक दिन पहले दोनों एक रिश्तेदार के घर लंच पर मिली थीं, जहां उन्होंने अपने भविष्य को लेकर चर्चा की। दोनों को आशंका थी कि परिवार उनका रिश्ता कभी स्वीकार नहीं करेगा।
एक ही पेड़ से लटकी मिलीं दोनों युवतियां
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवतियां एक ही पेड़ से लटकी मिली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ परिवार और परिचितों से पूछताछ कर रही है।
परिवार की असहमति और सामाजिक दबाव की जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में परिवार की असहमति और सामाजिक दबाव को अहम पहलू माना जा रहा है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

