Tuesday, Nov 10

होम = State = बेटे को वश में करने मां ने लुटा दिया ₹1 करोड़ का खजाना गृहशांति के जाल में फंसा परिवार, जिंदगीभर की कमाई गंवाई

बेटे को वश में करने मां ने लुटा दिया ₹1 करोड़ का खजाना गृहशांति के जाल में फंसा परिवार, जिंदगीभर की कमाई गंवाई

Bhopal Black Magic Fraud: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटे को परिवार के करीब लाने और घर की परेशानियां दूर करने की चाहत में एक महिला कथित तांत्रिकों के जाल में फंस गई। आरोपियों ने पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र का भरोसा दिलाकर परिवार से लाखों रुपये नकद, ऑनलाइन रकम और सोने-चांदी के जेवर हड़प लिए। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

बेटे को परिवार के करीब लाने का दिया भरोसा

मामला भोपाल के साकेत नगर का है। शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम शर्मा के मुताबिक, उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा की पहचान मोहल्ले की परिचित महिला गौरी सिंह के जरिए आशा यादव से हुई थी। आशा ने अपने भाई मुकेश यादव को तंत्र-मंत्र करने वाला बताते हुए परिवार की परेशानियां दूर करने और गृहशांति कराने का भरोसा दिया। उस समय उनका बेटा विवेक परिवार से अलग रह रहा था। राजेश्वरी चाहती थीं कि बेटा दोबारा परिवार के करीब आ जाए। आरोप है कि इसी भावनात्मक स्थिति का फायदा उठाकर आशा और उसके साथियों ने तंत्र-मंत्र के जरिए बेटे को वश में करने तथा परिवार को फिर से एकजुट करने का दावा किया। इसके बाद महिला से रुपये और जेवर लेने का सिलसिला शुरू हो गया।

ऑनलाइन ट्रांसफर, नकदी और 625 ग्राम सोना लिया

शिकायत के अनुसार, 25 मई 2025 को सबसे पहले आशा यादव के बैंक खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में फोन-पे के जरिए करीब 7 लाख 16 हजार रुपये दिए गए। घर में रखी नकदी में से लगभग 12 लाख 54 हजार रुपये भी आरोपियों को सौंप दिए गए। आरोपियों ने महिला से करीब 625 ग्राम सोने के जेवर और 500 ग्राम चांदी भी ले ली। इस तरह तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर परिवार की जिंदगीभर की कमाई और कीमती जेवर आरोपियों तक पहुंच गए। ठगी गई नकदी और जेवरों की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

ज्वेलर्स के फोन से सामने आया पूरा मामला

ठगी का खुलासा 29 सितंबर 2026 को हुआ, जब बिट्टन मार्केट स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक राम पंजवानी ने पुरुषोत्तम शर्मा को फोन किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी राजेश्वरी शर्मा, आशा यादव के साथ दुकान पहुंची थीं। दुकानदार के मुताबिक, आशा ने करीब पांच महीने पहले लगभग 17 लाख रुपये का सोना खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि बाकी रकम के भुगतान के लिए चेक दिया गया था। चेक का भुगतान नहीं होने पर दुकानदार ने पहले भी राजेश्वरी को संदेश भेजे थे। इसके बाद पुरुषोत्तम शर्मा ने पत्नी से पूछताछ की तो तंत्र-मंत्र और गृहशांति के नाम पर रुपये और जेवर देने की पूरी कहानी सामने आ गई।

करीब 10 करोड़ के आठ चेक और एटीएम जैसे कार्ड जब्त

शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने पुरुषोत्तम शर्मा, उनकी पत्नी और दोनों बेटों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान राजेश्वरी शर्मा ने पुलिस को करीब 10 करोड़ रुपये के आठ चेक, एक खाली चेक और छह अलग-अलग एटीएम जैसे कार्ड सौंपे। पुलिस ने इन सभी को जब्त कर लिया। जांच में आशा यादव और उसके भाई मुकेश यादव की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया।

गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे जेवर, बैंकों में कराया फ्रीज

क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला कि आरोपियों ने हड़पे गए सोने के कुछ जेवर गोल्ड लोन लेने के लिए बैंकों में गिरवी रख दिए थे। इस मामले में मुख्य आरोपी आशा यादव के पति हरीश कुमार और उसके साथी श्यान की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने संबंधित बैंकों में जेवरों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की है, ताकि उन्हें आगे बेचा या कहीं और स्थानांतरित न किया जा सके। वहीं, आशा यादव की निशानदेही पर पुलिस ने 11 ग्राम सोना भी बरामद किया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुकेश यादव की तलाश जारी

क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर जितेंद्र गढ़वाल के मुताबिक, पुरुषोत्तम शर्मा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आशा यादव, उसका पति हरीश कुमार और उनका साथी श्यान शामिल हैं। आशा के भाई मुकेश यादव की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गृहशांति और तंत्र-मंत्र के नाम पर परिवार से 625 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी और लाखों रुपये की नकदी हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल था और हड़पी गई संपत्ति कहां रखी गई है।

ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले अशुतोष दीक्षित ने संभाली वायुसेना की कमान