Air India Flight Emergency Landing: भोपाल से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को रविवार को अचानक जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। तकनीकी समस्या के बाद फ्लाइट AI1886 की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में करीब 140 यात्री सवार थे।
जयपुर में सुरक्षित लैंडिंग, यात्रियों को उतारा गया
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, तकनीकी समस्या के बाद AI1886 की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटस्टेट्स के अनुसार, विमान ने भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 8:26 बजे उड़ान भरी और करीब 9:40 बजे जयपुर में उतरा। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
तकनीकी दिक्कत के बाद जयपुर डायवर्ट हुई फ्लाइट
टेकऑफ के बाद फ्लाइट में तकनीकी समस्या महसूस हुई, जिसके बाद तय प्रक्रिया के तहत विमान को जयपुर डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया के मुताबिक, विमान की सुरक्षा मानकों के तहत जांच की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि उन्हें जल्द से जल्द दिल्ली पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। जयपुर में एयर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों को जरूरी सहायता और सहयोग दे रही है।

