होम = News Featured = सीएम हाउस के पास किसानों का जमावड़ा, भोपाल के कई स्कूल बंद; जानिए पूरा मामला

सीएम हाउस के पास किसानों का जमावड़ा, भोपाल के कई स्कूल बंद; जानिए पूरा मामला

Bhopal Farmers Protest: भोपाल की सड़कों पर मंगलवार को किसानों की आवाज गूंज उठी। हजारों किसान अपनी मांगों को लेकर राजधानी पहुंचे और 'किसान क्रांति' मार्च के जरिए सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की। सीएम हाउस से कुछ किलोमीटर दूर हुए इस प्रदर्शन से शहर की रफ्तार थम गई। किसानों की सबसे बड़ी मांग है कि ग्रीष्मकालीन मूंग की 100% खरीद MSP पर की जाए और खाद वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

बातचीत बेनतीजा, किसान मांग पर अड़े

किसानों का प्रदर्शन कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के साथ हुई बातचीत विफल रहने के बाद शुरू हुआ। हालांकि मंत्री ने बाद में सकारात्मक चर्चा का दावा किया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर कायम हैं। कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मूंग खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है।

मूंग खरीदी से लेकर खाद व्यवस्था तक कई मांगें

किसानों की प्रमुख मांगों में मूंग की 100% सरकारी खरीदी, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था खत्म करना, कम बारिश के दौरान पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना और भावांतर योजना को समाप्त करना शामिल है। वहीं, खाद वितरण की ‘ई-विकास’ प्रणाली को चुनौती देने वाली कृषि आदान विक्रेता संघ की याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने इसे कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार की नीतिगत पहल बताया, जबकि किसान सर्वर और तकनीकी समस्याओं का हवाला देकर इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं।