Bus Accident in Bihar: बिहार के सारण जिले में रविवार देर रात बारातियों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। तरैया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिससे एक बाराती की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।
स्पीड ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन, पेड़ से टकराकर पलटी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वैशाली के लालगंज से बारातियों से भरी बस जगदीशपुर जा रही थी। एसएच-73 पर गंडार गांव के पास स्पीड ब्रेकर पर चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार बस पहले सड़क किनारे एक सूखे पेड़ से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, पुलिस को सूचना दी और तुरंत राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
जेसीबी की मदद से निकाला गया फंसा बाराती, अस्पताल में मौत
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर और दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला। एक बाराती बस के नीचे फंस गया था, जिसे निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

