होम = Cover Story Featured = भारत टेक्स 2026: बिहार बना निवेशकों की पसंद, 16 कंपनियों से ₹1,476 करोड़ के MoU पर हस्ताक्षर

भारत टेक्स 2026: बिहार बना निवेशकों की पसंद, 16 कंपनियों से ₹1,476 करोड़ के MoU पर हस्ताक्षर

Bihar Bharat Tex 2026: नई दिल्ली के भारत मंडपम में मंगलवार को देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 का शुभारंभ हुआ। 17 जुलाई तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल बिहार ने टेक्सटाइल और परिधान क्षेत्र में अपनी बढ़ती औद्योगिक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पहले ही दिन बिहार सरकार ने 16 अग्रणी कंपनियों के साथ ₹1,476 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से जुड़े समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन निवेशों से राज्य में 40,500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

गिरिराज सिंह और श्रेयसी सिंह ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन

भारत मंडपम के हॉल नंबर 11A में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शामी राव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह, हथकरघा एवं रेशम निदेशालय के डॉ. विद्या नंद सिंह, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

'बिहार तेजी से बन रहा है टेक्सटाइल हब'

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार देश के उभरते हुए टेक्सटाइल हब के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने प्लग-एंड-प्ले जैसी आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं विकसित की हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

वहीं, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार आज टेक्सटाइल और परिधान निर्माण के क्षेत्र में सबसे संभावनाशील राज्यों में तेजी से उभर रहा है। उनके अनुसार, राज्य की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियां, निवेश-अनुकूल माहौल और पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता उद्यमियों, कारीगरों और वैश्विक निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 बिहार की औद्योगिक क्षमता और समृद्ध वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की पारंपरिक शिल्प विरासत और आधुनिक औद्योगिक विकास का उत्कृष्ट संगम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बिहार के उद्यमों को नए बाजारों तक पहुंच, व्यापारिक साझेदारियों को मजबूती और टेक्सटाइल क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।

बिहार पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र

बिहार पवेलियन में SAVI Global, ग्रामीण खादी ग्रामोद्योग विकास संघ, गोपालन सिल्क, ईको तसर सिल्क प्राइवेट लिमिटेड, हाई स्पिरिट कमर्शियल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (HSCVPL), न्यू ज़ील फैशन वियर प्राइवेट लिमिटेड, अर्थोमेडिक फाउंडेशन, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, निफ्ट पटना और मॉडलामा ग्रुप अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसके अलावा, प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह द्वारा मधुबनी चित्रकला और अरुंधती महतो द्वारा टिकुली कला का सजीव प्रदर्शन भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

17 जुलाई 2026 तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 में बिहार पवेलियन निवेशकों, खरीदारों और आगंतुकों को राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, औद्योगिक क्षमताओं, निवेश संभावनाओं और "बिहार है तैयार" की परिकल्पना से परिचित करा रहा है।

ये भी पढ़े: E20 विवाद के बीच नितिन गडकरी बोले- आम कार मालिक खुद नहीं जांच सकते सही माइलेज