Bihar Cabinet: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। इनमें नवादा के वारिसलीगंज में नई चीनी मिल, पशुपालकों को लोन के ब्याज पर 100 प्रतिशत सब्सिडी और बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना शामिल है।
नवादा में बनेगी चीनी मिल
कैबिनेट ने वारिसलीगंज में नई चीनी मिल लगाने को मंजूरी दी है। इस परियोजना में 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा। इससे नवादा के साथ नालंदा, शेखपुरा और जमुई के किसानों को लाभ मिलेगा।
पशुपालकों को ब्याज पर 100% सब्सिडी
मुख्यमंत्री गो-धन विकास ऋण योजना के तहत पशुपालकों को बैंक लोन के ब्याज पर 100 प्रतिशत सब्सिडी देने का फैसला किया गया है। लाभार्थियों को सिर्फ मूलधन का भुगतान करना होगा। योजना के तहत तीन उन्नत नस्ल की गाय या दो भैंस के जरिए दुग्ध उत्पादन और रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
पटना और बेगूसराय में विश्वविद्यालय
कैबिनेट ने पटना में मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी दी। वहीं, बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति दी गई। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी का फैसला लिया गया है।
डेयरी और पुलिस के लिए भी फैसले
कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास की आठ परियोजनाओं के लिए 126.07 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस उपकरणों की खरीद के लिए 33.68 करोड़ और ड्रोन खरीदने के लिए 24.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। मछुआरा आयोग के मानदेय और सुविधाओं के पुनर्निर्धारण समेत विभिन्न आयोगों, बोर्ड और निगमों के पदाधिकारियों के भत्तों में संशोधन को भी मंजूरी मिली है।
ये भी पढ़ें: WION Summit में गजेंद्र शेखावत का बड़ा संदेश, बोले 2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारत

