Saturday, Sep 26

होम = State = बिहार = Bihar Elections : तेजस्वी यादव का चिराग पासवान पर पलटवार “सत्ता के लालच में NDA के साथ हैं चिराग”

Bihar Elections : तेजस्वी यादव का चिराग पासवान पर पलटवार “सत्ता के लालच में NDA के साथ हैं चिराग”

by | Oct 27, 2025 | बिहार

Bihar Elections : बिहार चुनाव में सभी नेताओं के बीच जुबानी तलवारें खिंची हुई हैं। चाहें राहुल हो,तेजस्वी हो या फिर चिराग पासवान हर कोई अपनी जुबानी तलवार से एक दूसरे पर जमकर हमला बोल रहे हैं। इसी बीच RJD नेता तेजस्वी यादव ने मुसलमानों के मुद्दे पर चिराग पासवान के बयान पर पलटवार किया है।

चिराग पासवान के बयान पर तेजस्वी का पलटवार

RJD नेता तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान के बयान का जबाव देते हुए कहा कि उन्हें 'सत्ता का लालच' है। बता दें कि चिराग पासवान ने कहा था कि उनके पिता राम विलास पासवान, 2005 में बिहार के लिए एक मुस्लिम मुख्यमंत्री चाहते थे, लेकिन RJD इसके लिए तैयार नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह पार्टी बिहार को न तो मुस्लिम मुख्यमंत्री देने को तैयार है और न ही उप मुख्यमंत्री।

पासवान के बयान के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, "वह क्या कहते हैं या नहीं कहते, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका विजन क्या है?"उन्होंने चिराग पासवान और उनके अलग हो चुके चाचा पशुपति कुमार पारस के बीच राम विलास पासवान की मौत के बाद हुए झगड़े का जिक्र करते हुए कहा, "NDA के लोगों ने चिराग के परिवार में आग लगाई थी। इसके बाद भी वह सत्ता के लालच में NDA के साथ हैं। चिराग सत्ता के लिए समझौता करते हैं। इसीलिए उनके बयानों को अहमियत नहीं दी जाती।"

मेरे पिता ने अपनी पार्टी तक कुर्बान कर दी – चिराग पासवान  

वहीं तेजस्वी के बयान का जबाव देते हुए चिराग ने X पर पोस्ट किया, और कहा कि "2005 में, मेरे नेता, मेरे पिता, स्वर्गीय राम विलास पासवान जी ने एक मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पार्टी तक कुर्बान कर दी थी। फिर भी, आपने उनका साथ नहीं दिया।"

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "RJD 2005 में भी मुस्लिम मुख्यमंत्री के लिए तैयार नहीं थी और आज 2025 में भी यह बिहार को न तो मुस्लिम मुख्यमंत्री और न ही उप मुख्यमंत्री देने को तैयार है। अगर आप बंधुआ वोट बैंक बने रहेंगे, तो आपको सम्मान और भागीदारी कैसे मिलेगी?"

ये भी पढ़ें: तेजस्वी का बड़ा एलान- पंचायत प्रतिनिधियों को पेंशन और 50 लाख तक का बीमा