Thursday, Sep 24

होम = Breaking = बिहार के जमुई में बाइक पर जा रहे कपल को भीड़ ने घेरा, छेड़छाड़ का वीडियो हुआ वायरल

बिहार के जमुई में बाइक पर जा रहे कपल को भीड़ ने घेरा, छेड़छाड़ का वीडियो हुआ वायरल

Jamui Couple Molestation Video: बिहार के जमुई से एक युवती के साथ सरेराह बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बाइक सवार लड़के-लड़की को घेरकर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जमुई के पुलिस अधीक्षक ने भी घटना की पुष्टि की है।

बाइक सवार युवक-युवती को रोककर की बदसलूकी

वायरल वीडियो में कुछ लोगों ने बाइक से जा रहे युवक-युवती को रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। इस दौरान युवती बार-बार उन्हें जाने देने की गुहार लगाती दिख रही है। वीडियो में आरोपी उससे छेड़छाड़ करते भी नजर आ रहे हैं।

पुलिस की पुष्टि के बाद जमुई का निकला वीडियो

वीडियो में भीड़ के लोगों द्वारा युवक से उसका पता पूछा जाता है, जिस पर वह जमुई बताता है। शुरुआत में वीडियो की जगह की पुष्टि नहीं हो सकी थी। हालांकि, जमुई के पुलिस कप्तान द्वारा घटना की पुष्टि किए जाने के बाद साफ हो गया कि वायरल वीडियो जमुई का ही है। जमुई के पुलिस कप्तान के मुताबिक, यह घटना 19 सितंबर की शाम की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

एसपी के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की वास्तविक परिस्थितियों और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। वहीं, बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और वीडियो की पुष्टि के बाद निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।

महिला आयोग ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने घटना को शर्मनाक बताते हुए मीडिया से कहा कि 19 सितंबर को हुई इस घटना का वीडियो अगले दिन वायरल हुआ। उन्होंने बताया कि मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की भी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। अप्सरा मिश्रा ने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी और राज्य महिला आयोग की टीम पीड़िता से मुलाकात करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपी कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें: सऊदी जा रहा था 22 टन मक्का, अंदर छिपी मिली करोड़ों की ड्रग्स; बिहार से गिरफ्तारी

‘बिहार की बेटी हूं, अपने लोगों का दर्द कैसे नहीं बांटती’, बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचीं अक्षरा सिंह