Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Top = जमुई के बाद समस्तीपुर में भी युवती से सरेराह बदसलूकी, वायरल वीडियो के बाद 4 गिरफ्तार

जमुई के बाद समस्तीपुर में भी युवती से सरेराह बदसलूकी, वायरल वीडियो के बाद 4 गिरफ्तार

Samastipur: बिहार में जमुई की घटना के कुछ ही दिनों बाद समस्तीपुर से भी युवती और उसके पुरुष साथी से सरेराह बदसलूकी का वीडियो सामने आया है। बुधवार शाम वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दो अन्य आरोपियों देवांश शर्मा और राहुल कुमार की तलाश जारी है।

फोटो खींचने के दौरान घेरने का आरोप

बताया जा रहा है कि मामला कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगत सिंह बांध बाइपास रोड का है। जानकारी के अनुसार, युवती अपने पुरुष मित्र के साथ फोटो खींच रही थी, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया। वायरल वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर शारीरिक बदसलूकी, अश्लील टिप्पणियां और आपत्तिजनक इशारे करते लोग नजर आते हैं। समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।

RJD ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना को लेकर RJD सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री से बिहार के बारे में बोलने और राज्य को केवल चुनावी राज्य की तरह नहीं देखने की अपील की।

जमुई मामले में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले जमुई में वायरल वीडियो के आधार पर एक कक्षा 10 की छात्रा और उसके पुरुष मित्र से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। 19 सितंबर की शाम दोनों मड़वा पहाड़ी से दोपहिया वाहन पर लौट रहे थे, तभी एक समूह ने उन्हें रोका। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ‘मोरल पुलिसिंग’ के नाम पर अश्लील टिप्पणियां कीं, युवक से मारपीट की और युवती के साथ यौन दुर्व्यवहार किया। इस मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

ये भी पढ़े: ट्रंप को कोर्ट से बड़ा झटका, मीडिया बैन का फैसला रद्द, व्हाइट हाउस में एंट्री बहाल करने का आदेश