होम = Breaking = Bihar: पाटलिपुत्र स्टेशन पर फूटा छात्रों का गुस्सा, ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव से मचा हड़कंप

Bihar: पाटलिपुत्र स्टेशन पर फूटा छात्रों का गुस्सा, ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव से मचा हड़कंप

Exam Candidates Protest: बिहार मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा। ट्रेन सेवाओं में अव्यवस्था और देरी से नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक जाम कर दिया गया, ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई और एग्जाम स्पेशल ट्रेन को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

ट्रेनों की कमी से बढ़ी अभ्यर्थियों की परेशानी

मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी थी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर रात से ही पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचने लगे थे। लेकिन पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था नहीं होने और कई गाड़ियों के निर्धारित समय से देरी से आने के कारण छात्रों में परीक्षा छूटने की चिंता बढ़ गई।

एग्जाम स्पेशल ट्रेन पहुंचते ही मचा हंगामा

स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में चढ़ने की होड़ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नाराज अभ्यर्थी ट्रेन के सामने रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और रेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके चलते कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ।

पथराव और तोड़फोड़ से बिगड़े हालात

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव किया और कोचों में तोड़फोड़ की। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। देखते ही देखते माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद प्रशासन को अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाने पड़े।

पुलिस ने की हवाई फायरिंग

घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई जवानों को हल्की चोटें आईं। घायल अधिकारियों में आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।

अतिरिक्त बल तैनात, छात्रों को भेजने के लिए चलाई गईं विशेष ट्रेनें

फिलहाल मौके पर आईजी, एसपी, दानापुर एसडीएम, एएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस और रेलवे प्रशासन अभ्यर्थियों को शांत कराने और व्यवस्था बहाल करने में जुटा हुआ है। वहीं, रेलवे ने तत्काल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा सके।

ये भी पढ़ें: फ्रांस में फिर साथ दिखेंगे PM मोदी-ट्रंप, डेढ़ साल बाद होगी दोनों नेताओं की खास मुलाकात