होम = Breaking = बिहार के वैशाली में डबल मर्डर, घर आए सेना के जवान और पिता को गोलियों से भूना

बिहार के वैशाली में डबल मर्डर, घर आए सेना के जवान और पिता को गोलियों से भूना

Army Jawan Murder: बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह एक मामूली रास्ते के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासोगांव में छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के दौरान अंजाम दिया गया, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

रास्ते के विवाद ने लिया खूनी रूप

पुलिस के अनुसार, घटना वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासोगांव गांव की है। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुनारिक राय और उनके 35 वर्षीय बेटे जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। जितेंद्र भारतीय सेना में जवान थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रास्ते को लेकर हुए विवाद के दौरान कथित तौर पर भतीजे ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।