Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = बिजनौर में ‘संदीप’ बनकर युवती के साथ 7 साल रहा सलमान, 3 बच्चों के बाद आधार कार्ड से खुला पहचान का राज

बिजनौर में ‘संदीप’ बनकर युवती के साथ 7 साल रहा सलमान, 3 बच्चों के बाद आधार कार्ड से खुला पहचान का राज

Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पहचान छिपाकर एक युवती के साथ सात साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धामपुर के हबीब्बाला गांव निवासी सलमान ने खुद को संदीप बताकर देवरिया की 28 वर्षीय युवती से संबंध बनाए। शादी का वादा कर दोनों साथ रहने लगे और उनके तीन बच्चे भी हुए। आधार कार्ड से युवक की असली पहचान सामने आने के बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

चंडीगढ़ में हुई थी दोनों की मुलाकात

पीड़िता के मुताबिक, वह 2019 से चंडीगढ़ के एक मॉल में नौकरी करती थी। इसी दौरान ऑटो चालक सलमान उसे रोजाना लाने-ले जाने लगा। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।

युवती का आरोप है कि सलमान ने अपना नाम संदीप बताया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ रहने लगा। करीब सात साल तक साथ रहने के बावजूद उसे युवक की असली पहचान का पता नहीं चला।

बच्चों के टीकाकरण के दौरान खुला राज

कुछ समय पहले सलमान युवती और तीनों बच्चों को बिजनौर स्थित अपने गांव हबीब्बाला लेकर आया। यहां महिला करीब एक महीने तक रही। बच्चों का टीकाकरण कराने के दौरान आधार कार्ड से उसे पता चला कि उसके साथी का असली नाम सलमान है। इस पर सवाल उठाने के बाद दोनों में विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि सलमान ने उसके साथ मारपीट की, तीनों बच्चों को अपने पास रख लिया और उसे घर से निकाल दिया।

धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप

बिजनौर के पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई के अनुसार, युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि गांव पहुंचने के बाद सलमान के परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का कहना है कि शुरुआत में उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मदद मांगी।

चंडीगढ़ से आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर धामपुर थाने में सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं और चंडीगढ़ में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

आरोपों की जांच जारी

पुलिस पहचान छिपाने, शादी का झांसा देने, जबरन संबंध बनाने, मारपीट और धर्म परिवर्तन का दबाव डालने के आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े: दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की तैयारी पूरी, आधी रात तक चलेगी मेट्रो; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी