Bilaspur airport: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से पहुंची Alliance Air की फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान बाईं तरफ का टायर फट गया। विमान में 37 यात्री और 4 केबिन क्रू सदस्य समेत कुल 41 लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से निकालकर टर्मिनल भवन पहुंचाया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लैंडिंग के बाद उड़ान रद्द
टायर में खराबी के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए गए और विमान की आगे की उड़ान रद्द कर दी गई। यह विमान बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाला था। तकनीकी समस्या के कारण प्रयागराज की उड़ान भी रद्द कर दी गई, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई और उन्हें इसकी सूचना दे दी गई।
तकनीकी जांच जारी
एयरलाइन अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। विमान की तकनीकी जांच और जरूरी प्रक्रियाएं जारी हैं। टायर किस वजह से फटा या विमान में पहले से कोई तकनीकी खराबी थी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी 41 लोग सुरक्षित हैं और एयरलाइन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़े: 43% लोगों ने कहा NDA सरकार में बढ़ा भ्रष्टाचार, बेरोजगारी सबसे बड़ी विफलता: MOTN सर्वे

