Bishnoi Gang Nijjar Murder Case: अमेरिकी अभियोजकों ने भारत से जुड़े तीन संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमेरिका, कनाडा और यूरोप में 24 संदिग्धों की गिरफ्तारी की घोषणा की है। इन लोगों पर 2023 में कनाडा में सिख नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
37 आरोपी, तीन अभियोग पत्र
लॉस एंजिलिस के संघीय अभियोजकों के अनुसार, यह कार्रवाई वर्षों तक चली जांच का परिणाम है। मंगलवार को सार्वजनिक किए गए तीन अभियोग पत्रों में कुल 37 आरोपियों को नामजद किया गया है। प्रथम सहायक अमेरिकी अटॉर्नी बिल एसायली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भय, हिंसा और नशीले पदार्थों का कारोबार फैलाने वाले गिरोहों को कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी।
निज्जर हत्या में बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर आरोप
45 वर्षीय हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर स्थित गुरु नानक सिख गुरुद्वारे की पार्किंग में दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह खालिस्तान आंदोलन के प्रमुख समर्थक थे। अभियोजकों ने पंजाब के लॉरेंस बिश्नोई (33) और सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ (32) पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बराड़ फरार है, जबकि बिश्नोई 2015 से जेल में बंद है।
कनाडा ने पिछले वर्ष बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया था। 2024 में इस हत्या के सिलसिले में चार भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर आरोपित किया गया था और उनका मुकदमा लंबित है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि गिरोह ने धार्मिक और राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाकर समुदाय के लोगों से वसूली की। कैलिफोर्निया में एक पीड़ित से दिसंबर और जनवरी के दौरान 50 लाख डॉलर की मांग भी की गई। जांच के दौरान करीब 1,000 किलोग्राम कोकीन, 1 किलोग्राम हेरोइन, 40,000 डॉलर नकद और 12 हथियार बरामद किए गए। इस जांच में FBI, लॉस एंजिलिस पुलिस, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस और अमेरिकी सीमा एवं सीमा शुल्क एजेंसियों ने भाग लिया।
ये भी पढ़े: https://newsindia24x7.tv/lucknow-nia-court-15-bangladeshi-rohingya-convicted/

