BJP State Incharges Appointment: विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने बुधवार को कई राज्यों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की। इनमें स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, राम माधव को उत्तराखंड, हरीश द्विवेदी को कर्नाटक और श्रीकांत को हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। यह नियुक्तियां पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के बीच हुई हैं।
स्मृति ईरानी को हरियाणा की कमान
हरियाणा का प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को बनाया गया है। उनके साथ डॉ. भोला सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। स्मृति ईरानी इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वहीं, हरियाणा के मौजूदा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को अब पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। पूनिया अगस्त में पंजाब बीजेपी के प्रभारी नियुक्त हुए थे।
सरकार और संगठन में तालमेल पर जोर
छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार है, ऐसे में प्रदेश प्रभारी की भूमिका अहम होगी। नए प्रभारी के सामने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद मजबूत करने की चुनौती होगी। इसके अलावा उन्हें पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने और संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए मजबूत करने की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी।
कई राज्यों की जिम्मेदारी बदली
बीजेपी की ओर से की गई इन नियुक्तियों के जरिए अलग-अलग राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी नए नेताओं को सौंपी गई है। पार्टी की राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव समेत कई वरिष्ठ नेताओं को पहले ही अहम संगठनात्मक भूमिकाएं दी जा चुकी हैं।

