होम = News Big = बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत की कार हुई हादसे की शिकार, गनर-ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत की कार हुई हादसे की शिकार, गनर-ड्राइवर गंभीर रूप से घायल

BJP MLA Brijbhushan Car Accident: उत्तर प्रदेश के महोबा में बीजेपी के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के एस्कॉर्ट वाहन को केले से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि उनके सरकारी गनर, निजी गार्ड और ड्राइवर घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

ड्राइवर की सूझबूछ से टला बड़ा हादसा

महोबा के खरेला थाना क्षेत्र स्थित संकट मोचन मंदिर के पास भीषण हादसा हुआ, जब केले से लदा तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक विधायक बृजभूषण राजपूत के एस्कॉर्ट वाहन से टकरा गया और भागने लगा। इसी दौरान ड्राइवर रविकांत मिश्रा की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने टक्कर से पहले ही विधायक की कार को सड़क से नीचे खंदी में उतार दिया, जिससे उनकी जान बच गई।

हादसे के बाद ड्राइवर गिरफ्तार

हादसे के बाद मौके से भाग रहे ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलते ही खरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। इस हादसे में विधायक बृजभूषण राजपूत बाल-बाल बच गए, जबकि उनके सरकारी गनर, निजी गार्ड और एक ड्राइवर घायल हो गए। वहीं, विधायक का सुरक्षा वाहन स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।