Brent Crude Price: कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को लगातार गिरावट दर्ज की गई, जिससे वैश्विक बाजार को राहत मिली है। होर्मुज स्ट्रेट से फंसे हुए तेल टैंकरों की आवाजाही दोबारा शुरू होने के बाद सप्लाई को लेकर बनी चिंता कम हुई है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी दिखा, जहां ब्रेंट क्रूड 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसल गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड भी 72 डॉलर से नीचे कारोबार करता दिखा। इस सप्ताह दोनों प्रमुख बेंचमार्क में करीब 7 फीसदी की गिरावट आने की संभावना है।
ओमान के पास घटना से बढ़ी थी बाजार की चिंता
पिछले कारोबारी सत्र में ओमान के पास एक कार्गो जहाज के अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद तेल बाजार में चिंता बढ़ गई थी, जिससे ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों में 2 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई। वहीं, ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट के निर्धारित नौवहन मार्गों से बाहर गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती, जिससे क्षेत्र में सतर्कता बनी हुई है।
सीजफायर के बाद बढ़ी तेल आपूर्ति, फिर भी बनी हुई है चिंता
सीजफायर समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट से कच्चे तेल की आवाजाही तेज हो गई है और इस सप्ताह शिपमेंट कई महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, संघर्ष से पहले की तुलना में जहाजों की कुल आवाजाही अब भी कम बनी हुई है। वहीं, वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद वैश्विक सप्लाई को लेकर नई चिंताएं भी उभरी हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार देश के प्रमुख तेल, गैस और रिफाइनिंग ढांचे को सीमित नुकसान हुआ है, लेकिन बाजार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

