Delhi Traffic Alert: दिल्ली में BRICS समिट 11 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इसे देखते हुए शासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है ताकि आमजन अप्रत्याशित परेशान से बच सके। आपको बता दें कि रिहर्सल के दौरान कई रास्तों पर पाबंदियों का असर दिख चुका है। अब 11 से 13 सितंबर तक समिट के चलते 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक कंट्रोल और 22 जगहों पर डायवर्जन रहेगा। रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। स्कूल और सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे, ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट जरूर चेक कर लें।
13 सितंबर तक इन मार्गों से ना करें आवाजाही
BRICS समिट के दौरान दिल्ली की 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक पाबंदियां रहेंगी। जरूरत के मुताबिक इन रास्तों पर नोटिस के आधार पर डायवर्जन भी किया जा सकता है। प्रभावित प्रमुख मार्गों में मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, शांति पथ, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, पृथ्वीराज रोड, तुगलक रोड, पंचशील मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सफदरजंग रोड, तिलक मार्ग, अकबर रोड, कौटिल्य मार्ग और पुराना किला रोड शामिल हैं।
नई दिल्ली स्टेशन जाने के वैकल्पिक रूट
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए यात्रियों को इन वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। कश्मीरी गेट ISBT से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और DBG रोड होते हुए पंचकुइयां रोड से कनॉट प्लेस पहुंचा जा सकता है। वहीं आश्रम चौक से रिंग रोड, राजघाट और जवाहरलाल नेहरू मार्ग का रास्ता रहेगा। इसके अलावा वंदे मातरम मार्ग से डॉ. अंबेडकर मार्ग, पंचकुइयां रोड होते हुए आउटर सर्कल, कनॉट प्लेस पहुंचने का विकल्प भी रहेगा।
एयरपोर्ट के लिए मेट्रो बेहतर विकल्प
BRICS समिट के दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। सड़क से जाने वालों के लिए गुरुग्राम, द्वारका, नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से T1, T2, T3 और T4 तक पहुंचने के वैकल्पिक रूट भी बताए गए हैं। इनमें NH-48, UER-II, रिंग रोड, RTR मार्ग और उलान बटार मार्ग प्रमुख विकल्प हैं।
VVIP मूवमेंट पर बदलेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक अधिकारियों के मुताबिक, VVIP काफिलों की आवाजाही को देखते हुए रास्तों पर पाबंदियां लगाई या हटाई जाएंगी। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के दौरान जरूरत पड़ने पर आम ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। पाबंदियां कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और प्रभावित रास्तों से बचकर चलें।

