BRICS Summit Security: दिल्ली में होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों और प्रमुख कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के साथ कई सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। भारत मंडपम और प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटलों के आसपास मल्टी-लेयर सिक्योरिटी ग्रिड तैयार किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 100 से ज्यादा NSG कमांडो और 1000 से ज्यादा दिल्ली पुलिस SWAT कमांडो भी सुरक्षा में लगाए गए हैं। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात रहेंगे, जबकि एंटी-ड्रोन सिस्टम और एंटी-एयरक्राफ्ट गन भी सक्रिय रहेंगी। एंटी-सबोटाज टीमों को भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।
एयरपोर्ट से होटल तक निगरानी
विदेशी मेहमानों के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर उनके होटल और भारत मंडपम तक पहुंचने के पूरे मार्ग पर सुरक्षा की निगरानी रहेगी। प्रमुख होटलों और भारत मंडपम में प्रवेश और निकास की जांच, सत्यापन और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। करीब 30 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जिनमें DCP स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। समिट के दौरान तय इलाकों में ड्रोन या किसी भी तरह के अनधिकृत उड़ने वाले उपकरणों पर रोक रहेगी। कमांड और कंट्रोल रूम से कैमरों और दूसरे निगरानी सिस्टम के जरिए वीवीआईपी मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स टीम, मेडिकल, एंबुलेंस और फायर सर्विस को तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।
35 प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था
BRICS सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही को देखते हुए करीब 35 प्रमुख सड़कों पर जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। इसके लिए 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। इनमें पटेल चौक, धौला कुआं, मोती बाग फ्लाईओवर, मंडी हाउस और ओबेरॉय फ्लाईओवर जैसे स्थान शामिल हैं। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, जनपथ, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग और अशोका रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर वीवीआईपी मूवमेंट के समय ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। व्यवस्था संभालने के लिए करीब 5000 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। पुलिस के अनुसार, रास्ते लगातार बंद नहीं रहेंगे। वीवीआईपी काफिले की आवाजाही और जरूरत के हिसाब से ही प्रतिबंध लगाए जाएंगे। आम लोगों से प्रभावित रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। मेट्रो सेवा पर सामान्य तौर पर कोई रोक नहीं रहेगी, हालांकि यात्रियों को संबंधित स्टेशनों और निकास की ताजा जानकारी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/cjp-protest-student-notice-cji-surya-kant-reaction/

