Vinesh on Brij Bhushan Singh: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृज भूषण शरण सिंह को दिल्ली की अदालत से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। इस फैसले के बाद पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। विनेश ने आरोप लगाया कि शुरुआत से ही सरकार और पूरा सिस्टम बृज भूषण शरण सिंह को बचाने में लगा हुआ था।
'सिस्टम शुरू से बृज भूषण को बचाने में लगा था'
दालत के फैसले के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला पहलवानों को बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और दबदबे के दम पर कई लड़कियों पर दबाव बनाया गया। विनेश ने फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि उन्हें दुख है कि कोर्ट ने बृज भूषण को यौन उत्पीड़न के आरोपों में दोषी नहीं माना।
'फैसले के खिलाफ अपील करेंगी महिला पहलवान'
विनेश फोगाट ने अपने बयान में कहा कि शुरुआत से ही पूरा सिस्टम बृज भूषण शरण सिंह को बचाने में लगा था। उन्होंने बताया कि महिला पहलवानों ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए अपने वकीलों को निर्देश दे दिए हैं और कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। वहीं, पहलवान बजरंग पूनिया ने भी यही बयान सोशल मीडिया पर साझा किया। दूसरी ओर, बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें शुरू से ही भरोसा था कि उन्हें न्याय मिलेगा।
बृज भूषण बोले- मुझे न्याय मिलने का पूरा भरोसा था
अदालत के फैसले के बाद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें शुरू से ही विश्वास था कि उनके साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी खुद को अपराधी नहीं माना। बृज भूषण ने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई जूनियर पहलवानों के हक के लिए थी और उन्हें खुशी है कि उस लड़ाई में भी उनकी जीत हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यही जूनियर खिलाड़ी देश का नाम रोशन करेंगे।

